Uncategorizedक्राइम

नशे के गलियारे पर बड़ा प्रहार: नागल में अवैध शराब से भरा मिनी कंटेनर पकड़ा,*

आबकारी–जीएसटी की संयुक्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप

*नशे के गलियारे पर बड़ा प्रहार: नागल में अवैध शराब से भरा मिनी कंटेनर पकड़ा,*

आबकारी–जीएसटी की संयुक्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप

नागल (सहारनपुर)।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नशे की तस्करी के लिए लगातार चर्चाओं में रहने वाले नागल क्षेत्र में बुधवार को आबकारी विभाग और राज्यकर (जीएसटी) विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरा एक मिनी ट्रक कंटेनर पकड़ लिया। कंटेनर से भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब बरामद होने के बाद तस्करों में हड़कंप मच गया, जबकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, जीएसटी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम लाखनौर स्थित नेशनल हाईवे-334 के नीचे चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे मिनी ट्रक UP86T5141 को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

जांच के दौरान कंटेनर से किंगफिशर, ब्लू स्टॉर्क और बुडवाइजर सहित विभिन्न ब्रांडों की बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद वाहन को नागल थाने लाया गया, जहां शराब की गिनती, ब्रांडवार सत्यापन और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर विशाल वर्मा ने बताया कि बरामद शराब की कुल संख्या और अनुमानित कीमत का आकलन किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक मामले में तहरीर नहीं दी गई थी।

कार्रवाई के दौरान राज्यकर अधिकारी सिद्धार्थ अवस्थी, आबकारी निरीक्षक अरुण कुमार, आबकारी निरीक्षक शिखा श्रीवास्तव सहित दोनों विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

*नागल पर फिर उठे सवाल*

हाल के वर्षों में नागल और आसपास का क्षेत्र अवैध शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी की घटनाओं को लेकर कई बार चर्चा में रहा है। ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर संकेत दिया है कि तस्कर इस मार्ग का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों का मानना है कि लगातार संयुक्त अभियान और सख्त निगरानी से ही इस क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!