देवबंद सीट पर सपा हाई कमान का मंथन जारी, कौन होगा उम्मीदवार?
जातीय समीकरण और जीत का गणित बना फैसला का आधार

ji
देवबंद सीट पर सपा हाई कमान का मंथन जारी, कौन होगा उम्मीदवार?
जातीय समीकरण और जीत का गणित बना फैसला का आधार
देवबंद। संवाददाता
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ ही सहारनपुर की महत्वपूर्ण देवबंद विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी में टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के भीतर दावेदारी को लेकर कई वरिष्ठ और युवा नेता सक्रिय हैं। सूत्रों के अनुसार सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं इस सीट पर प्रत्याशी चयन को लेकर गहन मंथन कर रहे हैं। संगठन के पदाधिकारियों, स्थानीय नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है, जबकि जातीय और राजनीतिक समीकरणों का भी गहन अध्ययन किया जा रहा है।
पार्टी के टिकट के प्रमुख दावेदारों में पूर्व विधायक मनोज चौधरी, कार्तिकेय राणा, माविया अली, समेत कई अन्य नेता शामिल बताए जा रहे हैं। सभी दावेदार अपने-अपने स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने में जुटे हुए हैं।
देवबंद विधानसभा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में गिनी जाती है। यहां लगभग तीन लाख मतदाता हैं, जिनमें मुस्लिम, जाट, दलित, गुर्जर, ठाकुर, ब्राह्मण और अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाता चुनावी परिणाम तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस सीट पर उम्मीदवार का चयन केवल लोकप्रियता के आधार पर नहीं, बल्कि सामाजिक संतुलन, संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और जीत की संभावना को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
*देवबंद विधानसभा का राजनीतिक रिकॉर्ड*
कुल मतदाता: लगभग 3 लाख
मतदान केंद्र: 300 से अधिक
बूथ: 350 से अधिक
यह सीट समय-समय पर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कब्जे में रही है।
हर चुनाव में यहां जातीय और स्थानीय समीकरण निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व किसी भी तरह का जोखिम लेने के बजाय ऐसा उम्मीदवार मैदान में उतारना चाहता है, जो सभी वर्गों में स्वीकार्य हो और भाजपा सहित अन्य दलों को कड़ी चुनौती दे सके। यही कारण है कि प्रत्याशी चयन को लेकर अंतिम निर्णय से पहले कई स्तरों पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
फिलहाल देवबंद की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि समाजवादी पार्टी किस चेहरे पर भरोसा जताएगी। टिकट की घोषणा के साथ ही इस सीट का चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है।




