कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन अलर्ट: सहारनपुर में 3 से 10 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश*
डीएम के आदेश पर बीएसए ने जारी किए निर्देश, ऑनलाइन पढ़ाई से पूरी होगी पढ़ाई की भरपाई

*कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन अलर्ट: सहारनपुर में 3 से 10 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश*
डीएम के आदेश पर बीएसए ने जारी किए निर्देश, ऑनलाइन पढ़ाई से पूरी होगी पढ़ाई की भरपाई
*सहारनपुर। संवाददाता*
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी स्कूल, इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, डायट तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक भौतिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार यह आदेश जनपद में कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है। इसके तहत परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, अशासकीय, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड, मदरसा बोर्ड एवं अन्य सभी बोर्डों से संचालित प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालय इस अवधि में बंद रहेंगे। आदेश में डिग्री कॉलेजों, डायट और तकनीकी शिक्षण संस्थानों को भी शामिल किया गया है।
हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि अवकाश के दौरान यथासंभव ऑनलाइन माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कराई जाएं।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिसका सभी शिक्षण संस्थानों को अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
प्रशांत त्यागी




