तिरंगा यात्रा से पहले गरजे युवा नेता रुद्र त्यागी, बोले— 2027 में देवबंद की जनता करेगी बदलाव
23 अगस्त को देवबंद में निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा

देवबंद। वरिष्ठ समाजसेवी एवं युवा नेता रुद्र त्यागी ने घोषणा की है कि आगामी 23 अगस्त को देवबंद में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों युवाओं की भागीदारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आजादी का महोत्सव इस बार देवबंद में पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया जाएगा।
‘निष्पक्ष खबर’ से विशेष बातचीत में रुद्र त्यागी ने कहा कि देवबंद का युवा रोजगार के अभाव में उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, नोएडा, दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में रोजगार की तलाश के लिए पलायन करने को मजबूर है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की बड़ी चुनौती बताते हुए वर्तमान सरकार पर रोजगार के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया।
रुद्र त्यागी ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में देवबंद की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के शासनकाल को लोग आज भी याद करते हैं और प्रदेश में उसे बेहतर शासन के रूप में देखते हैं।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए उन नेताओं पर भी निशाना साधा, जो लगातार 25 वर्ष तक विधायक रहने का दावा करते हैं। त्यागी ने कहा कि जनता अब उनसे विमुख हो चुकी है और आगामी चुनाव में उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का उल्लेख करते हुए रुद्र त्यागी ने कहा कि देवबंद में आज तक एक बेहतर खेल मैदान नहीं बन सका है। सरकारी चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई है, जबकि रोजगार के नाम पर क्षेत्र की जनता को केवल निराशा मिली है। उन्होंने रोहन टोल को लेकर भी सवाल उठाते हुए इसे बड़ा मुद्दा बताया।
अंत में रुद्र त्यागी ने देवबंद के युवाओं से अपील की कि वे 23 अगस्त को आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति और युवा एकता का परिचय दें।




