तल्हेड़ी बुजुर्ग में कॉलेज से लौट रहे छात्र पर जानलेवा हमला,
धारदार हथियार से सिर पर वार; चार नामजद समेत 15 अज्ञात पर आरोप

तल्हेड़ी बुजुर्ग में कॉलेज से लौट रहे छात्र पर जानलेवा हमला,
धारदार हथियार से सिर पर वार; चार नामजद समेत 15 अज्ञात पर आरोप
देवबंद, संवाददाता। थाना देवबंद क्षेत्र के गांव तलेहड़ी बुजुर्ग में कॉलेज से घर लौट रहे एक छात्र पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र ने चार नामजद युवकों समेत करीब 15 अज्ञात लोगों पर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना देवबंद में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गांव तलेहड़ी बुजुर्ग निवासी सुफियान पुत्र मुनाजिर बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे आदर्श इंटर कॉलेज, तलेहड़ी बुजुर्ग से घर लौट रहे थे। आरोप है कि स्कूल के पास पहले से मौजूद दीपक पुत्र राजवीर, राहुल पुत्र धर्मपाल, दीपांशु पुत्र सोने सिंह तथा आर्यन पुत्र प्रदीप ने अपने करीब 15 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान दीपक ने धारदार हथियार से सुफियान के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घायल छात्र ने अपनी तहरीर में मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का पक्ष:
थाना देवबंद पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




