देवबंद में झूठी फायरिंग की कहानी का पर्दाफाश: घायल युवक ही निकला आरोपी*
अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

*देवबंद में झूठी फायरिंग की कहानी का पर्दाफाश: घायल युवक ही निकला आरोपी*
अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार, भेजा गया जेल
देवबंद। संवाददाता
थाना देवबंद पुलिस ने फायरिंग की एक चर्चित घटना का खुलासा करते हुए घायल युवक को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कोरवा भट्ठा क्षेत्र में एक युवक को गोली मार दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दीपक पुत्र राजकुमार, निवासी ग्राम फरीदपुर, को उपचार के लिए सीएचसी देवबंद में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि दीपक पर किसी ने हमला नहीं किया था। उसने पुलिस को बताया कि खेत जाते समय जगदेई चकरोड के पास उसका पैर फिसल गया, जिससे उसके पास रखा लोडेड अवैध तमंचा गिर गया और अचानक फायर हो गया। गोली उसके दाहिने हाथ में लग गई। घबराहट में उसने खुद पर फायरिंग होने की झूठी सूचना 112 पर दे दी और घटना के बाद तमंचा पास के खेत में छिपा दिया।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि तमंचे का उसके पास कोई लाइसेंस नहीं है। उसने कई वर्ष पहले एक अज्ञात व्यक्ति से यह तमंचा खरीदा था और पारिवारिक विवाद के चलते सुरक्षा के लिए उसे अपने पास रखता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। बरामद अवैध तमंचा और खोखा कारतूस कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।




