इमरान मसूद की राय व्यक्तिगत, गठबंधन पर अंतिम फैसला हाईकमान का’
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने टीवी डिबेट में किया स्पष्ट, बोले— भाजपा फैला रही है भ्रम,

‘इमरान मसूद की राय व्यक्तिगत, गठबंधन पर अंतिम फैसला हाईकमान का’
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने टीवी डिबेट में किया स्पष्ट, बोले— भाजपा फैला रही है भ्रम,
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निर्णय शीर्ष नेतृत्व करेगा
*निष्पक्ष खबर | राजनीतिक संवाददाता | नई दिल्ली/सहारनपुर*
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने बड़ा बयान दिया है। एक टीवी चैनल पर आयोजित डिबेट के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा गठबंधन को लेकर दिया गया बयान उनका व्यक्तिगत विचार है, इसे कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं माना जाना चाहिए।
अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला केवल दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर होगा। किसी सांसद या नेता के व्यक्तिगत बयान का पार्टी के आधिकारिक निर्णय से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लगातार सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर भ्रम और अफवाह फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी भाजपा ने इसी तरह का माहौल बनाने की कोशिश की थी, लेकिन जनता ने गठबंधन का साथ दिया और भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन को लेकर जो भी निर्णय होगा, वह दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की सहमति से होगा। उन्होंने दोहराया कि इमरान मसूद का बयान कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक बयान नहीं है और गठबंधन पर अंतिम निर्णय केवल हाईकमान ही करेगा।




