देवबंद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई पिता पुत्र की खुली हिस्ट्रीशीट
दोनों पर हैं 12 से अधिक मुकदमे दर्ज

देवबंद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई पिता पुत्र की खुली हिस्ट्रीशीट!
दोनों पर हैं 12 से अधिक मुकदमे दर्ज
जमीनों पर कब्जा करने के मामले में हुई कार्रवाई
देवबंद। संवाददाता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवबंद में सीधा एक्शन लेते हुए चर्चित भूमाफिया व उसके पुत्र पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पुलिस ने मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर आरोपी पिता पुत्र की हिस्ट्री सीट खोलते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में कार्रवाई का दायरा बढ़ेगा और भू माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी।
बजरंग दल पश्चिम उत्तर प्रदेश के पूर्व विभाग संयोजक विकास त्यागी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजते हुए बताया था कि देवबंद में एक चर्चित भूमाफिया पिता पुत्र हैं। जिनके खिलाफ देवबंद कोतवाली समेत अन्य स्थानों में जमीनों पर कब्जा करने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने समेत मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पिता पुत्र अपराधी प्रवृत्ति के होने के चलते देवबंद की सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं और उन पर निर्माण करवा रहे हैं। इतना ही नहीं आरोपी लोगों पर जमीन कब्जाने समेत कई संगीन धाराओं में हाल ही में भी मुकदमे दर्ज हुए थे। बजरंग दल नेता विकास त्यागी ने स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी और उन्हें भी पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए उचित कार्रवाई की मांग की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए सहारनपुर के उच्च अधिकारियों को बड़ी कार्रवाई के दिशा निर्देश दिए। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र की अपराधिक हिस्ट्री खोलते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अभिलेखों में दोनों लोगों पर 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। ज्यादातर मुकदमे जमीन संबंधी कब्जे के हैं। हाल ही में ही गृह मंत्रालय ने भी दोनों आरोपियों के संबंध में गोपनीय रिपोर्ट तलब की थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू करते हुए दर्ज मुकदमों के संबंध में आपराधिक इतिहास खोल दिया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। प्रशासन द्वारा आरोपियों की संपत्ति को लेकर भी एक रिपोर्ट तैयार की है। कुछ संपत्तियों के मामले में नोटिस भी जारी किए गए हैं। जिनको लेकर करवाई प्रशासन द्वारा की जा रही है। बताया जाता है कि स्थानीय प्रशासन में पकड़ होने के चलते आरोपी पिता पुत्र हमेशा बच जाते थे। जांच शुरू होने से पहले ही प्रशासन द्वारा मामले को दबा दिया जाता था। लेकिन इस बार खुद मुख्यमंत्री कार्यालय से मामले को लेकर रिपोर्ट जब तलब की गई तो प्रशासन भी हरकत में आता नजर आ रहा है।
अब देखना है कि प्रशासन की आगे क्या कार्रवाई होती है? यह बड़ा सवाल है! उधर पूरे प्रकरण पर प्रभारी निरीक्षक कपिल देव ने बताया की हिस्ट्री सीट खोल दी गई है। उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी।
*सफेद पोश नेताओं के संरक्षण में खड़ा किया जुर्म का काला साम्राज्य*
देवबंद पुलिस द्वारा चर्चित भूमाफिया पिता पुत्र की अपराधिक कुंडली खोलने के बाद अब चर्चा है कि आने वाले दिनों में प्रशासन की आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी।
सूत्रों का दावा है कि हाल ही में ही खुफिया विभाग द्वारा भेजी गई शासन को रिपोर्ट में पता चला है कि दोनों आरोपियों के पास देवबंद में लगभग पांच सौ बीघा ज़मीन है, तो 70 के करीब मकान है। यह काला साम्राज्य आरोपियों ने सफेद पोश नेताओं के संरक्षण में खड़ा किया है।
*स्वयं को बताता है एक सांसद का प्रतिनिधि*
शनिवार को पुलिस द्वारा खोली गई अपराधिक हिस्ट्री में एक आरोपी स्वयं को एक सांसद का प्रतिनिधि होने का दावा भी करता है।
आरोपी के फोटो कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ भी नजर आ रहे हैं। जिसको लेकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपी की पकड़ कहां तक है? इतना ही नहीं सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं का भी आरोपियों को खुला संरक्षण मिलता रहा है।
प्रशांत त्यागी
….



