सहारनपुर में भाजपा करेगी बड़ा राजनीतिक बदलाव?
कई विधायकों के टिकट पर संकट, नए चेहरों को मिल सकता है मौका

सहारनपुर में भाजपा करेगी बड़ा राजनीतिक बदलाव?
कई विधायकों के टिकट पर संकट, नए चेहरों को मिल सकता है मौका
सहारनपुर, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सहारनपुर जनपद की कई विधानसभा सीटों पर इस बार बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। चर्चा है कि संगठन मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा के आधार पर कई सीटों पर नए चेहरों को मौका दे सकता है।
सूत्रों का दावा है कि हाल ही में कराए गए संगठनात्मक फीडबैक और सर्वे में कई विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों के कामकाज को लेकर संतोषजनक रिपोर्ट नहीं मिली। बताया जा रहा है कि विकास कार्यों की अपेक्षा गुटबाजी, संगठन से समन्वय की कमी और चुनावी सक्रियता को लेकर सवाल उठे हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी कई विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के अपेक्षित प्रदर्शन न करने को गंभीरता से लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व के पास प्रत्येक विधानसभा का विस्तृत फीडबैक मौजूद है और स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों, संगठन के प्रति निष्ठा तथा सामाजिक समीकरणों का भी गहन मूल्यांकन किया गया है। यह भी चर्चा है कि संगठन उन नेताओं के आचरण और गतिविधियों की समीक्षा कर रहा है जिनकी भूमिका को लेकर पहले भी सवाल उठे थे।
हालांकि, टिकटों को लेकर अभी तक भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन ही करेगा।




