देश

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के बयान पर राव मुशर्रफ अली ने जताई नाराजगी

शंकराचार्य के बयान को बताया तथ्यहीन

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के बयान पर राव मुशर्रफ अली ने जताई नाराजगी

 

देवबंद। संवाददाता

 

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा दिए गए कथित अपमानजनक बयान की कड़ी निंदा की है। मंच के मेरठ प्रांत संयोजक राव मुशर्रफ अली पुंडीर ने स्वामी जी से अपना बयान तत्काल वापस लेने की मांग की है। राव मुशर्रफ अली पुंडीर ने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा डॉ. इंद्रेश कुमार के खिलाफ दिया गया बयान पूरी तरह तथ्यहीन और अपमानजनक है। उन्होंने कहा कि डॉ. इंद्रेश कुमार का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और संवाद को समर्पित रहा है। ऐसे में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आगे कहा कि स्वामी जी के हालिया बयान समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति पैदा कर सकते हैं। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच सदैव हिंदू-मुस्लिम एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित के कार्यों में लगा रहा है।

राव मुशर्रफ ने स्वामी जी के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें कथित तौर पर एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात का हवाला देते हुए 10 लाख हिंदू लड़कियों के मुस्लिम परिवारों में विवाह कराने की बात कही गई। उन्होंने इसे पूरी तरह असंगत, अतिरंजित और बिना किसी प्रमाण का बताया।

उन्होंने कहा कि इस तरह के गंभीर दावे के समर्थन में न तो कोई तारीख बताई गई, न स्थान और न ही कोई साक्ष्य प्रस्तुत किया गया। यदि ऐसा कोई बड़ा मामला होता, तो यह राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख खबर बनता और इसके प्रमाण भी सामने आते।

राव मुशर्रफ अली पुंडीर ने स्पष्ट किया कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का उद्देश्य राष्ट्रवादी विचारधारा में विश्वास रखने वाले मुसलमानों को संगठित करना, सामाजिक सुधार लाना और हिंदू-मुस्लिम एकता को मजबूत करना है। ऐसे में इस प्रकार के आरोप मंच की मूल भावना के विपरीत हैं।

उन्होंने कहा कि बिना प्रमाण के इस तरह के बयान देना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि समाज में अनावश्यक तनाव भी पैदा करता है। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से अपील की कि वे अपने बयान को वापस लें और समाज में सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करें।

 

प्रशांत त्यागी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!