
नागल में ट्रैक्टर और कार की भिड़ंत में तीन घायल
बसेड़ा गांव के समीप हुआ हादसा
देवबंद। संवाददाता
कार ट्रैक्टर ट्राली की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए यहां के सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जहां से कार चालक की गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
मंगलवार को देहरादून निवासी विक्रम पुत्र लौटन सिंह कार द्वारा मुजफ्फरनगर स्थित अपने रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर स्थित गांव बसेड़ा के पास किसी दौरान गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी कार में टक्कर मार दी। जिसमें कार चालक विक्रम, ट्रैक्टर चालक अजब सिंह और नितिन घायल हो गए। स्टेट हाईवे पर हुए हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना नांगल पुलिस में स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए नगर स्थित सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां से विक्रम को गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे में विक्रम के दोनों पैर चोटिल हुए हैं। इधर थाना प्रभारी राजकुमार चौहान ने बताया की हादसा ट्रैक्टर और कार के बीच भिड़ंत के बाद हुआ। घायल पक्ष की ओर से तारीख मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिवार के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रशांत त्यागी




